अब होगी 47 हजार 572 मतदाताओं की तलाश, चारों विधानसभाओं में डिजिटलाइजेशन का काम पूर्ण

सीहोर।मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हुए डोर टू डोर सर्वे में जिले में 47 हजार 572 मतदाता या तो मिले नहीं या फिर उनकी मैपिंग 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो पाई है. अब आगामी दिनों में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होने के बाद बीएलओ द्वारा मैपिंग से वंचित रहने वाले मतदाताओं की तलाश की जाएगी.

डोर टू डोर सर्वे के दौरान जो लोग अपने पते पर नहीं मिले उनको यूईएफ श्रेणी में रखा गया है. अच्छी बात यह है कि तय समय सीमा यानि कि 4 दिसंबर से पहले ही चारों विधानसभाओं में डिजिटलाइजेशन का काम पूरा हो गया है, लेकिन हकीकत यह है कि बीएलओ को अभी भी फुर्सत नहीं मिलेगी. उनका टास्क 47 हजार 572 लापता या मैप न हो पाए मतदाताओं के इस आंकड़े घटाना होगा. 16 दिसंबर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होने के बाद उन लोगों को नोटिस जारी होंगे, जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई. उन्हें अपनी पहचान साबित करने के लिए दस्तावेज पेश करने होंगे.

जानकारी के अनुसार सीहोर में सबसे अधिक 18 हजार 311 अनकलेक्टेबल गणना पत्रक रहे हैं, जबकि बुधनी में 13 हजार 281, आष्टा में 8 हजार 259 और इछावर में 7 हजार 751 गणना पत्रक अनकलेक्टेबल हैं. इस तरह जिले के कुल 10 लाख 26 हजार 574 मतदाताओं में से 97 हजार 020 मतदाताओं के गणना पत्रक डिजिटलीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 47 हजार 572 मतदाताओं के गणना पत्रक अनकलेक्टेबल रह गए हैं. आगामी 16 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद इन मतदाताओं को नोटिस दिए जाएंगे. इस तरह फिलहाल बीएलओ को सर्वे से राहत नहीं मिलने के आसार बने हैं.

एसआईआर सर्वे पूर्ण होने पर कलेक्टर ने दी बधाई

एसआईआर सर्वे शत-प्रतिशत करने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालागुरू के. ने जिले के सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ बीएलओ को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि जिले की टीम ने अनुशासन, समर्पण और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि जिले की मजबूत प्रशासनिक क्षमता और मतदाताओं के सहयोग का परिणाम है. कलेक्टर ने मतदाताओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी जागरूकता और सक्रिय भागीदारी का इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान है.

14 फरवरी को प्रकाश होगी अंतिम मतदाता सूची

प्रदेशभर में जल्दबाजी में कराए जा रहे एसआईआर के कारण कई बीएलओ की मौत हो गई। इसे लेकर चुनाव आयोग की भारी आलोचना भी हुई। अब जाकर इसका असर हुआ और एसआईआर की समय सीमा बढ़ा दी गई। अब गणना पत्रक भरने और डिजिटलाइजेशन का काम 11 दिसंबर तक किया जा सकेगा। पहले यह काम 4 दिसंबर तक करना था। मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन अब 16 दिसंबर को होगा। वहीं दावे आपत्तियों के लिए 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक का मौका दिया गया है। दावे-आपत्तियों का काम 7 फरवरी तक होगा। अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

एसआईआर के चलते कई स्कूलों में लटके ताले

एसआईआर में जिले में कुल 1238 बीएलओ बनाए गए हैं. इनमें सबसे अधिक शिक्षक हैं. ऐसे में एसआईआर सर्वे के कारण कई स्कूलों में ताला डला हुआ है. ऐसे में स्कूलों में पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं. यही वजह है कि प्राइमरी और मिडिल स्कूल की अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं की तारीख भी आगे बढ़ाना पड़ी. पहले 24 नवंबर से 3री से 8वीं तक की अद्र्धवार्षिक परीक्षएं होना थी, लेकिन इनकी तारीख बढ़ा दी गइ्र ह। अब 8 दिसंबर से कक्षा 3 से 8वीं तक की परीक्षाएं शुरु होंगी. हालांकि अब एसआईआर पूरा होने पर कलेक्टर ने सभी शिक्षकों और पटवारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं.

यूईएफ व मैपिंग को कुछ इस तरह समझें

यूईएफ का मतलब है कि ऐसे फार्म जो गणना में शामिल नहीं हो पाएप्त यानि जब बीएलओ को या तो यह वोटर मिले नहीं, या वे कहीं और शिफ्ट हो गएप्त ऐसा भी हो सकता है कि संबंधित मतदाता ने फार्म तो भर दिया, लेकिन उसे बीएलओ को सौंपा नहींप्त एक धुंधली संभावना यह भी है कि बीएलओ ने ऐसे वोटर को खोजने की कोशिश ही न की हो. अधिकारियों का कहना है कि ऐसे 47572 वोटरों में से अधिकांश की जानकारी अगले 15-16 दिन में मिल जाएगी.

 

 

 

 

Next Post

आगजनी से हजारों का सामान हुआ स्वाहा

Tue Dec 2 , 2025
सीहोर. शहर के नजदीकी ग्राम जताखेड़ा निवासी एक ग्रामीण के मकान में सोमवार की शाम अचानक आग लग गई. सूचना मिलने पर पहुंची दमकल ने तत्परता बरतते हुए ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया. इस आगजनी में ग्रामीण को लगभग 60 हजार रुपए का नुकसान होना बताया जा […]

You May Like