सीहोर. शहर के नजदीकी ग्राम जताखेड़ा निवासी एक ग्रामीण के मकान में सोमवार की शाम अचानक आग लग गई. सूचना मिलने पर पहुंची दमकल ने तत्परता बरतते हुए ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया. इस आगजनी में ग्रामीण को लगभग 60 हजार रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र के ग्र्राम जताखेड़ा निवासी मोरसिंह के घर में सोमवार की शाम लगभग चार बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई. बताया जाता है कि आगजनी के वक्त घर में कोई नहीं था. आग व धुआं देख ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया. इस दौरान फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई. मौके पर पहुंची दमकल के कर्मचारी महेन्द्र और आसिफ ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया. ग्रामीण मोरसिंह का कहना है कि आगजनी में लगभग 60 हजार रुपए का नुकसान हुआ है. आगजनी का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है. पीडि़त ग्रामीण ने आगजनी का सर्वे कराते हुए मुआवजा देने की मांग की है.
