बीना। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर जिला ग्रामीण कांग्रेस द्वारा कृषि उपज मंडी में प्रदर्शन किया गया। पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए और नायब तहसीलदार हेमराज मेहर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पराली जलाने पर एफआईआर दर्ज करने के निर्णय का कड़ा विरोध जताया गया। वक्ताओं ने इसे कठोर और अव्यवहारिक बताते हुए कहा कि बिना पर्याप्त प्रशिक्षण और संसाधनों के किसानों को अपराधी ठहराना गलत है। साथ ही उर्वरक वितरण की ई-टोकन व्यवस्था को भी अव्यवहारिक बताते हुए इसे तत्काल स्थगित करने की मांग की गई। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
