
बैतूल। मध्य रेल के मुलताई और जौलखेड़ा रेलवे स्टेशनों के बीच अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना आज तड़के अप रेलवे ट्रैक पर हुई। रेलकर्मी दुर्गेश बारंगे द्वारा दी गई सूचना के अनुसार अज्ञात पुरुष ट्रेन क्रमांक 12159 अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी ट्रेन के लोको पायलट ने स्टेशन अधीक्षक मुलताई को दी, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ की। पुलिस के अनुसार ट्रेन की चपेट में आने से मृतक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था तथा चेहरा पहचान योग्य स्थिति में नहीं था।
घटनास्थल तथा मृतक के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या सामग्री बरामद नहीं होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों तथा गुमशुदगी के अभिलेखों के आधार पर मृतक की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।
