
इटारसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस थाने से सरदार पटेल की मूर्ति, न्यास कॉलोनी तक ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मैराथन दौड़ के माध्यम से एकता और अखंडता का संदेश दिया। दौड़ में पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम नीलेश शर्मा, एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा, तहसीलदार सुनीता साहनी और टीआई गौरव सिंह बुंदेला सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। दौड़ के समापन पर सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल पर सभी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
