सीधी: शहर के जमोड़ी थानांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में सोनवर्षा टोल प्लाजा के समीप कल रात 8:15 बजे तेज रफ्तार बल्कर और बाइक की आमने-सामने से भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल सीधी से संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रीवा रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार बल्कर क्रमांक एमपी 19 एचए 5831 सीधी की तरफ से रीवा की ओर जा रहा था, जबकि बाइक क्रमांक एमपी 53 एमएल 3541 में सवार दो युवक बढ़ौरा की ओर से सीधी आ रहे थे। सोनवर्षा टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर दूर दोनों वाहनों की तेज रफ्तार में टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोग जमा हो गए। दोनो घायलों को टोल प्लाजा की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के पश्चात दोनो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बल्कर अपनी लेन में चल रहा था। इसी दौरान बाइक चालक अचानक अनियंत्रित होकर बल्कर के साइड हिस्से से टकरा गया। हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे की हालत भी गंभीर बनी थी। हादसे में घायल हुए दोनों व्यक्तियों की पहचान के लिए जमोड़ी थाना पुलिस भी मशक्कत कर रही है। घायलों के सीधे रीवा अस्पताल रेफर हो जाने के कारण पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी।
इनका कहना है
सडक़ दुर्घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस बल्कर वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। विस्तृत जानकारी मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी जमोड़ी
