जगदलपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सोमवार को हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली के कारण शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ। महज 23 मिनट की बारिश में कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जबकि कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
बारिश के दौरान शहर की कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। नालियों में कचरा जमा होने और पानी की निकासी प्रभावित होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही।
वहीं, भारी बारिश और आकाशीय बिजली के कारण शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। विद्युत विभाग ने बताया कि मौसम सामान्य होते ही आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे। विभाग ने खराब मौसम के दौरान नागरिकों से विद्युत उपकरणों और बिजली संबंधी जोखिमों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है।
