
नयागांव। जावद पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। जावद थाना अंतर्गत नयागांव चौकी पुलिस ने एक ह्युंडई आई-10 कार से 75 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है।
चौकी प्रभारी मंगलसिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर निम्बाहेड़ा-नीमच हाईवे पर रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एमपी09 सीवी 0337 नंबर की सफेद रंग की ह्युंडई आई-10 कार को रोका गया।
तलाशी के दौरान कार में रखे चार काले रंग के कट्टों में 75 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा मिला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। कार में सवार मंदसौर जिले के नरसिंगपुरा निवासी 32 वर्षीय नरेंद्र पाटीदार और 45 वर्षीय मदनलाल कुमावत को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
