मंत्री नारायण सिंह के काफिले पर पथराव

ग्वालियर। प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के काफिले पर पथराव हो गया। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र की है, जिसमें एक नशेड़ी युवक द्वारा बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया गया। हालाकि पुलिस द्वारा तत्काल उसे हिरासत में ले लिया गया। चूंकि वह बेहद नशे में था, जिससे उसे उपचार के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री की सुरक्षा में सेंध से प्रशासन हलाकान है।जानकारी के मुताबिक कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह माधौगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जहां से वापस लौटते समय गुढ़ा चक्की के पास उनका काफिला जाम में फंस गया। जिससे वहां मौजूद सुनील सिकरवार नामक युवक भी अपनी गाड़ी नहीं निकाल पाया, तो उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। जिसने पहले अभद्रता की और फिर मंत्री के काफिले पर पथराव कर दिया।

*फॉलो गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने पकड़ा*

युवक को हंगामा करता देख मंत्री के काफिले में चल रही फॉलो गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों ने तुरंत नीचे उतरकर युवक को पकड़ लिया। वहीं घटना का पता लगते ही माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। चूंकि युवक बेहद नशे की हालत में था, जिससे उसे उपचार के लिए हॉस्पिटल पहुंचाने के उपरांत उसके खिलाफ शांति भंग करने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

*मुझे पता नहीं था कि यह गाड़ी किसकी है*

पुलिस द्वारा पकड़ा गया युवक घटना के वक्त बेहद नशे की हालत में था, साथ ही बताया गया है कि मानसिक रूप से कुछ कमजोर है। जिसने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसे पता नहीं था, कि गाड़ी किसकी है और उसमें कौन सवार होकर जा रहा है। जब जाम में फंसकर काफी देर तक गाड़ी नहीं निकाल पाया, तो गुस्से में वह आउट ऑफ कंट्रोल हो गया था।

*इनका कहना है*

नशे में धुत्त युवक ने जाम में फंसने पर मंत्री की गाड़ी पर पथराव कर दिया था, जिसे तुरंत पकड़ लिया गया है। हालांकि उसे पता नहीं था कि वह गाड़ी किसकी है।

दिव्या तिवारी

थाना प्रभारी, माधौगंज

Next Post

विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग पर अड़ी कांग्रेस 

Sat Nov 29 , 2025
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 1 से 5 दिसंबर तक प्रस्तावित है, जिसमें केवल चार बैठकें तय की गई हैं। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग […]

You May Like