इंदौर: छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के सेठी नगर में बुधवार को एक दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को दोनों के शव घर के अंदर लटके हुए मिले. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 45 वर्षीय गब्बर यादव और उनकी पत्नी सपना यादव के रूप में हुई है.
गब्बर फर्नीचर कारीगर था, जबकि सपना गृहिणी थी. दोनों की शादी को 22 वर्ष हो चुके थे और उनके तीन बच्चे दो बेटियां और एक बेटा हैं. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को आत्महत्या की वजह बताया जा रहा है. परिवार की एक दुकान बालदा कॉलोनी मेन रोड पर थी, जिसमें चारों भाइयों का साझा हिस्सा था. यह दुकान काफी समय से बंद थी, जिसके बाद गब्बर अपने भांजे की फर्नीचर दुकान पर काम करने लगा था.
आसपास के लोगों का कहना है कि आत्महत्या से कुछ घंटे पहले उसे एक किराना दुकान के बाहर खड़े देखा गया था. कुछ समय बाद उसकी और पत्नी की मौत की सूचना मिली. मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है. परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
