ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल जरूरी कदम उठाये सरकार: संदोष कुमार

नयी दिल्ली 28 फरवरी (वार्ता) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्यसभा सांसद पी संदोष कुमार ने अमेरिका और इजरायल की ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दिये जाने की मांग की है।

श्री कुमार ने शनिवार को विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर को एक पत्र लिखकर कहा कि ईरान में लगभग दस हजार भारतीय नागरिक हैं और वहां उत्पन्न स्थिति को देखते हुए उनकी सुरक्षा और कुशल-क्षेम को सर्वोच्च एवं तात्कालिक प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने पत्र में कहा है कि अस्थिर संघर्ष की स्थिति में सक्रिय आकस्मिक योजना, वास्तविक समय पर परामर्श जारी करना, दूतावास समन्वय को सुदृढ़ करना तथा आवश्यकता पड़ने पर सुव्यवस्थित निकासी तंत्र को तत्काल लागू किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईरान में रहने वाले भारतीयों के परिजनों की चिंता दूर करने के लिए यह जरूरी है कि सरकार इस दिशा में किये जा रहे उपायों की जानकारी सार्वजनिक करे।

भाकपा नेता ने कहा कि ईरान में भारत के व्यापक सामरिक एवं आर्थिक हितों की भी अनदेखी नहीं की जा सकती। हालाकि उन्होंने कहा कि सामरिक दृष्टि से यह भले ही महत्वपूर्ण है लेकिन अभी तत्काल आवश्यकता भारतीय नागरिकों के जीवन को सुरक्षित करना है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के नाजुक भू-राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए, भारत को तनाव-नियंत्रण और व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की रोकथाम के लिए अपने कूटनीतिक प्रयासों को और सशक्त करना चाहिए। क्षेत्र की स्थिरता भारत की आर्थिक सुरक्षा और प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा से सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने आग्रह किया है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कूटनीतिक माध्यमों से संयम, संवाद और शांति को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास करे।

Next Post

ईरान के मिनाब में लड़कियों के स्कूल पर हवाई हमले में मरने वालों की संख्या 60 हुई

Sat Feb 28 , 2026
तेहरान, 28 फरवरी (वार्ता) दक्षिणी ईरान के मिनाब में लड़कियों के एक स्कूल पर अमेरिकी-इजराइली हवाई हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जबकि 60 अन्य घायल हैं और 50 मलबे में फंसे हुए हैं। मेहर न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी। ईरान के विदेश मंत्री […]

You May Like

मनोरंजन