भिंड: आज मंगलवार सुबह सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा दंदरौआ धाम के पास हुआ।मौ क्षेत्र से पांच लोग एक लोडिंग वाहन में सवार होकर दंदरौआ की ओर जा रहे थे। वाहन में एक भैंस भी लदी थी। मेहगांव-मौ मुख्य मार्ग पर दंदरौआ धाम गेट नंबर-1 के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय प्रीतम मांझी, उनके पुत्र सुनील मांझी दोनों निवासी ग्राम छोली, जिला ग्वालियर और उपेंद्र राणा निवासी लखनौती, डबरा जिला ग्वालियर के रूप में हुई है।हादसा इतना जबरदस्त हुआ कि वाहन के चक्के ऊपर की तरफ हो गए। हादसे में रामरूप बघेल निवासी एरोली और मानवेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
