
सीहोर। जिले के बरखेड़ा हसन में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध देखने को मिला. दोराहा-भोजापुरा मार्ग को गा्रमीणों ने लगभग 1 घंटे तक बंद रखा. सड़क पर बैठे ग्रामीण नारेबाजी कर विरोध जताते रहे.
इस दौरान ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री मुर्दाबाद व विद्युत विभाग मुर्दाबाद के नारे भी लगाए. स्मार्ट मीटरों के खिलाफ आखिरकार लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. सोमवार को बरखेड़ा हसन के ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं ने सैकड़ों की संख्या में बस स्टैंड से लेकर मुख्य मार्ग से होते हुए बरखेड़ा हसन के तेराहा तक पैदल रेली निकाली और जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए. सूचना मिलने पर अहमदपुर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा ग्रामीणों से चर्चा की लेकिन ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि विद्युत विभाग से कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आएं और बात करें. ग्रामीणों का विरोध देख अहमदपुर विद्युत केंद्र में विद्युत केंद्र प्रभारी जे ई शिवराम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की. स्थानीय पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग के आला अधिकारियों की समझाइश पर ग्रामीणों ने विरोध खत्म किया. इस दौरान लगभग 1 घंटे तक आवागमन प्रभावित होता रहा. प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर ग्रामीणों का विरोध खत्म हुआ. मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के जेई शिवराम को ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर नहीं लगाने को लेकर ज्ञापन सौंपा चक्का जाम के दौरान ग्रामीण ने विद्युत विभाग और ऊर्जा मंत्री मुर्दा के नारे लगाए. वहीं इस जनाक्रोश में ग्राम के सरपंच सहित भाजपा नेताओं ने दूरी बनाए रखी. जिससे ग्रामीणों में भाजपा नेताओं और सरपंच के खिलाफ आक्रोश भी देखा गया.
