रीवा:प्रदेश में वर्तमान वर्ष रोजगार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार देने की मंशा को पूरा करने के लिए रीवा संभाग में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं. रीवा में अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में विशाल रोजगार और स्वरोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. इसमें शासन की विभिन्न योजनाओं तथा निजी संस्थाओं के सहयोग से 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर दिए जाएंगे.
रोजगार मेले की तैयारियों की संभागीय समीक्षा बैठक कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित की गई. बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि रोजगार मूलक योजनाओं तथा स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े सभी अधिकारी रोजगार मेले की तैयारी कर लें. सभी योजनाओं के इस वर्ष के लक्ष्य 15 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत पूरे कराएं. इसके लिए विभिन्न योजनाओं में दिए गए लक्ष्य से 50 प्रतिशत अधिक आवेदन पत्र बैंकों में दर्ज कराएं.
बैंक तथा विकास विभाग के अधिकारी हर सप्ताह बैठक करके ऋण प्रकरणों पर समुचित कार्यवाही करें और प्रकरण स्वीकृत करें. रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा.कमिश्नर ने कहा कि रोजगार मेले की तैयारियों के लिए संभाग के सभी जिलों और विकासखण्डों में शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों का चयन करके उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा.
बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, डीन मेडिकल कालेज डॉ सुनील अग्रवाल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ एमएल गुप्ता, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ आरपी सिंह, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, एलडीएम जगमोहन, अधीक्षण यंत्री पीएचई महेन्द्र सिंह, संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा एमएस पैकरा, क्षेत्रीय संचालक एमपीआईडीसी यूके तिवारी तथा सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.
