जबलपुर: यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने रविवार शाम को बड़ा फुहारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके साथ ही सुपरमार्केट स्थित इंडियन कॉफी हाउस के सामने लगे ठेले व अस्थायी दुकानों को हटवाया गया।
अधिकारियों ने साफ किया कि मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में यातायात अवरुद्ध करने वाली किसी भी प्रकार की अवैध दुकान बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के निर्देशन में की है। कार्यवाही के दौरान यातायात मालवीय चौक डीएसपी संतोष कुमार शुक्ला, सूबेदार राहुल सिंह सहित अन्य यातयात पुलिस और नगर निगम की टीम मौजूद थी।
समझाइश के बाद भी बढ़ रहा था अतिक्रमण
कार्रवाई के दौरान टीम ने सभी ठेले वालों को निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानदारों को यह समझाइश दी गई कि वे अपनी दुकानों के सामने किसी तरह के ठेले या अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति न दें। अधिकारियों ने बताया कि बार-बार समझाइश के बाद भी अतिक्रमण बढ़ रहा था, जिसके कारण यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
