
छिन्दवाड़ा/ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत छठवें शुक्रवार को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी फील्ड में पहुंचे और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।इसी क्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों के साथ विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत तराई तथा आसपास के ग्रामों के भ्रमण पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर उपलब्ध जनसुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ग्राम पंचायत तराई में आयोजित खंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे। शिविर में आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से प्रशासन को अवगत कराया। कलेक्टर श्री नारायन ने एक-एक आवेदन और शिकायत की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों एवं सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियुक्ति से संबंधित एक शिकायत की जांच में यह तथ्य सामने आया कि जन्म प्रमाण-पत्र में दर्ज जानकारी एवं प्रक्रिया में विसंगतियों के कारण नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना जन्म प्रमाण-पत्र जारी किए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने ग्राम पंचायत खुमकाल के सचिव के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव के मेडिकल ऑफिसर के व्यवहार तथा समय पर उपस्थित नहीं होने संबंधी शिकायत भी शिविर में सामने आई। इस पर एसडीएम जुन्नारदेव द्वारा अवगत कराया गया कि चिकित्सक को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है। कलेक्टर श्री नारायन ने प्रकरण में विभागीय स्तर पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लापरवाही संबंधी शिकायत की समीक्षा के दौरान ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पीएम आवास जुन्नारदेव की भूमिका संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं एक अन्य शिकायत में बिना परीक्षण एवं तथ्यात्मक जांच के प्रकरण को दूसरे विभाग में स्थानांतरित किए जाने का मामला सामने आया, जिस पर कलेक्टर श्री नारायन ने महाप्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छिन्दवाड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र एवं नर्सरी स्कूल भाखरा का किया निरीक्षण- कलेक्टर श्री नारायन ने आंगनबाड़ी केंद्र एवं नर्सरी स्कूल भाखरा का निरीक्षण कर पोषण आहार वितरण तथा केंद्र संचालन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर अक्षर ज्ञान, भाषा ज्ञान एवं अंक ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे। आंगन मिलन उत्सव के अवसर पर बच्चों को ड्राइंग शीट, पेंसिल सहित शैक्षणिक सामग्री युक्त किट का वितरण भी किया गया।
प्राथमिक शाला में परखा विद्यार्थियों का लर्निंग लेवल- प्राथमिक शाला भाखरा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने कक्षा चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों से पर्यावरण और अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। कुछ विद्यार्थियों द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिए जाने पर उन्होंने शिक्षकों को अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों के लर्निंग लेवल को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और विषयों की पुनरावृत्ति करने के लिए प्रेरित किया।
