
छिंदवाड़ा। जिले में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे। शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक हुई जोरदार बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
इधर, जिले के उमरेड क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की भी जानकारी सामने आई है। अचानक गिरे ओलों से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि इस सीजन में पहली बार बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली है। खेतों में खड़ी फसलों पर ओलावृष्टि के असर को लेकर किसान चिंतित हैं और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
शुक्रवार सुबह से ही मौसम में उमस बनी हुई थी। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी और बढ़ गई। शाम के समय आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चलीं। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट महसूस की गई।
बारिश से शहरवासियों के चेहरे पर राहत और खुशी नजर आई, वहीं उमरेड क्षेत्र में ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। किसान अब खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति देख रहे हैं।
बॉक्स | ओलावृष्टि से फसलों पर असर की चिंता
उमरेड क्षेत्र में बारिश के साथ गिरे ओलों से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका है। किसान फसलों का जायजा लेकर वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहे हैं। यदि ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है तो आने वाले दिनों में इसका असर सामने आ सकता है।
