
सतना। मैहर रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक रेलवे का कर्मचारी था और पैर से विकलांग था. प्रथम दृष्ट्या ट्रेन से गिरने के कारण दुर्घटना बताया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह रेलवे के पीडब्लूआई विभाग का गश्ती दल रेलवे ट्रैक की जांच करने के लिए निकला था. रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर उन्हें एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर पड़ा नजर आया. जिसे देखते हुए फौरन ही घटना की जानकारी स्टेशन प्रबंधक मैहर को दी गई. जहां से मेमो प्राप्त होने पर जाीआरपी मैहर की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. सिविल अस्पताल पहुंचाए जाने पर चिकित्सक द्वारा उसे ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया. जीआरपी द्वारा शुरु की गई पड़ताल में मृतक की पहचान शुभम सिंह चौहान उम्र 38 वर्ष निवासी सीधी के तौर पर हुई. इसके साथ ही यह जानकारी भी सामने आई कि मृतक रेलवे कर्मचारी था और मैहर रेलवे स्टेशन के गेस्ट हाउस में बतौर केयर टेकर सेवाएं दे रहा था. इसी कड़ी में मृतक के दोनों पैरों से विकलांग होने की जानकारी भी सामने आई. जीआरपी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला किसी ट्रेन से नीचे गिर जाने के कारण हुई दुर्घटना के तौर पर सामने आ रहा है. लेकिन विस्तृत पोस्टमार्टम रिपनोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस द्वाराद प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
