तीन दिनी बैठक: अब कांग्रेस में जमीनी सक्रियता और मजबूत संगठन के लिए चलेगा अभियान

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस की तीन दिवसीय संगठनात्मक बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

अंतिम दिन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उज्जैन एवं सागर संभाग के जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक का मुख्य फोकस संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, रणनीतियों की समीक्षा करना और स्थानीय स्तर की चुनौतियों का समाधान ढूंढना रहा।

बैठक के एजेंडे में पिछले एक माह के फीडबैक की समीक्षा, ब्लॉक अध्यक्षों का चयन, कार्यकारिणी का गठन तथा आगामी दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां शामिल रहीं। नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने के लिए ठोस योजनाओं पर भी गहन विचार-विमर्श किया।

बैठक में प्रदेश संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर हरीश चौधरी ने जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती दें और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर जनसंपर्क और सक्रियता ही संगठन की चुनावी ताकत का आधार है।

वहीं, जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि आम जनता की समस्याएं हर राजनीतिक मंच पर गूंजें और कांग्रेस जनता की सच्ची प्रतिनिधि बने।

यह बैठक प्रदेश कांग्रेस के लिए संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों का मानना है कि तीन दिवसीय विचार-विमर्श से मिले निष्कर्ष आने वाले समय में कांग्रेस की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

Next Post

मंडी सत्संग: भगवान से नाता जोड़ो, जीवन सफल हो जाएगा

Tue Sep 23 , 2025
ब्यावरा। स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में मंगलवार को प्रसिद्ध कथा वाचक संत प्रेमनारायण जी गेहूंखेड़ी वाले के मुखारबिंद से हुए सत्संग का लाभ लेने बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन पहुंचे. संतश्री ने कहा कि भले ही संसार से अपनापन मत रखना और भगवान से अपनापन कभी मत छोडऩा. ईश्वर से […]

You May Like