नयी दिल्ली 22 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के जलगांव में बुधवार को हुए रेल हादसे को अत्यंत दुःखद बताया है।
श्री शाह ने इस संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस से बात कर हादसे की जानकारी ली। स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुँचा रहा है।
उन्होंने कहा,“इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में जलगांव जिले के पचोरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने की झूठी अफवाह के बाद चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में छह लोगों के मारे जाने की आशंका है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद अलार्म चेन खींचकर छह लोग चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रहे थे।
