इस साल और महंगा हो सकता है सोना: वेंचुरा

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (वार्ता) ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा ने मंगलवार को कहा है कि इस साल के अंत तक कोमेक्स गोल्ड के दाम पहली बार 3,600 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि गत 07 अगस्त को कोमेक्स गोल्ड प्लेटफॉर्म पर सोने की कीमत 3,534.10 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गयी थी जो अपने-आप में रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 3,509.90 डॉलर का था जो इसी साल अप्रैल में बना था। दोनों मौकों पर विदेशों में कीमतों में बढ़ोतरी का असर देश में भी सोने के दाम पर देखने को मिला।

वेंचुरा की आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि भू-राजनैतिक तनावों, वृहद-आर्थिक चुनौतियों और निवेश के लिए पीली धातु की मजबूत मांग के कारण इस साल सोने के दाम और बढ़ने की संभावना है।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पिछले 20 साल में से 14 के दौरान सोने ने सकारात्मक रिटर्न दिया है। पिछले तीन साल में इसने 23 प्रतिशत से ज्यादा का औसत वार्षिक रिटर्न दिया है जबकि इसी अवधि में निफ्टी-50 ने 11 प्रतिशत का औसत रिटर्न दिया है। कोमेक्स गोल्ड ने साल 2023 में 13.08 प्रतिशत, 2024 में 27.23 प्रतिशत और साल 2025 में जुलाई तक 28.68 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

वेंचुरा में कोमोडिटीज के प्रमुख एन.आर. रामास्वामी ने कहा कि पोर्टफोलियो में सोने की रणनीतिक भूमिका मजबूत हुई है क्योंकि निवेशकों को सुस्त वैश्विक विकास, नीति निर्माण के स्तर पर अनिश्चितताओa और बढ़े हुये भू-राजनैतिक जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति के दबाव, अमेरिका डॉलर में नरमी और अमेरिका में नीतिगत ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद को देखते हुये साल 2025 के अंत तक सोने में तेजी रहेगी। विश्लेषण बताते हैं कोमेक्स गोल्ड इस साल 3,600 डॉलर प्रति औंस पर भी पहुंच सकता है।

वेंचुरा ने बताया कि साल 2025 की दूसरी तिमाही में सोने की मांग पिछले साल की समान अवधि की तुलना में तीन फीसदी बढ़कर 1,249 टन रही। निवेश मांग ने आभूषण निर्माण की मांग में कमी की भरपाई कर दी। केंद्रीय बैंकों के पास पड़े सोने की मात्रा 36,345 टन पर पहुंच गयी है जिसमें भारत का स्वर्ण भंडार 880 टन है।

 

Next Post

यू.पी. योद्धाज ने पेश की नई योद्धा-थीम आधारित जर्सी

Tue Aug 19 , 2025
मुंबई, 19 अगस्त (वार्ता) जीएमआर स्पोर्ट्स के स्वामित्व वाली यू.पी. योद्धाज ने मुंबई में एक विशेष कार्यक्रम में हीरो फिनकॉर्प को अपने प्रिंसिपल स्पॉन्सर के रूप में शामिल करते हुए आगामी प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 12 के लिए अपनी नई आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। नई जर्सी टीम के […]

You May Like

मनोरंजन