डिजिटल फुटप्रिंट ने खोला अपहरण का राज: नासिक के चंगुल से मुक्त हुई सीधी की ‘मुस्कान’

सीधी। डिजिटल फुटप्रिंट ने राज खोला और पुलिस ने नासिक के चंगुल से सीधी की ‘मुस्कान’ को मुक्त कराते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान मुस्कान के तहत, आधुनिक तकनीक और पारंपरिक पुलिसिंग के बेजोड़ तालमेल से चौकी खड्डी थाना रामपुर नैकिन पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को महाराष्ट्र के नासिक से दस्तयाब करने में बड़ी सफलता हासिल की है। 18 अक्टूबर 2025 को हुए इस अपहरण ने परिवार को तोड़ कर रख दिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ‘डिजिटल फुटप्रिंट’ और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया। साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से लोकेशन नासिक (महाराष्ट्र) ट्रेस हुई। पुलिस की विशेष टीम ने शंकर नगर, नासिक में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और किशोरी को एक असुरक्षित माहौल से बाहर निकाला।

​सामने आया भावुक पल-

बरामदगी के बाद जब बेटी अपने घर लौटी, तो गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। माता-पिता ने बताया कि वे हर पल अपनी बच्ची की सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे थे। पुलिस को धन्यवाद देते हुए पिता ने रुंधे गले से कहा, आज पुलिस ने सिर्फ मेरी बेटी नहीं, बल्कि मेरे पूरे परिवार की इज्जत और जान बचा ली है। पुलिस ने बच्ची को एक अंधकारमय भविष्य की ओर जाने से वक्त रहते बचा लिया। इस सटीक ऑपरेशन का नेतृत्व चौकी प्रभारी खड्डी सउनि नीरज साकेत ने किया, जिसमें आरक्षक रविंद्र सिंह और टीम का विशेष योगदान रहा।

इनका कहना है-

तकनीक आज पुलिसिंग का सबसे बड़ा हथियार है। हम गुमशुदा बच्चों को खोजने के लिए हर संभव डिजिटल और मानवीय संसाधन का उपयोग कर रहे हैं। नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है और उन्हें कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक सीधी

Next Post

पुराने विवाद को लेकर महिलाओं पर हमला, एक ही परिवार के आठ लोग घायल

Sat Nov 29 , 2025
विदिशा। गुलाबगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 8 बजे पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक ही परिवार की महिलाओं व अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। इस हमले में करीब आठ लोग घायल हो गए। घायल आज शिकायत लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सीएसपी अतुल सिंह […]

You May Like