
सुठालिया। सुठालिया के समीपस्थ पार्वती नदी स्थित घोघरा घाट मंदिर धाम पर भी मकर सक्रांति पर गुरुवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. यहां पर विशाल मेला लगा हुआ है. घोघरा घाट तक के एकांकी मार्ग पर हर बार मकर सक्रांति पर जाम के हालात बनते है किंतु इस बार पुलिस प्रशासन की तरफ से व्यापक व्यवस्था की गई. जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहे. यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था काफी चाक चौबंद रही. साथ ही जनपद पंचायत के कर्मचारी व्यवस्थाओं में लगे रहे.
व्यापक उचित प्रबंध के चलते आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. यहां बड़े एवं छोटे वाहनों की पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की गई. गौरतलब है कि सुठालिया स्थित पुलिस थाने के समीप से घोघरा घाट जाने का रास्ता जाता है. इस सकरे मार्ग पर हर बार मकर सक्रांति पर काफी जाम लग जाता है जिसके कारण परेशानियों का सामना राहगीरों को करना पड़ता है. लेकिन इस बार यहां व्यवस्थाएं काफी बेहतर नजर आई. जिससे जाम की भयावह स्थिति नहीं बनी.
