
जबलपुर। अनूपपुर जिले की जैतहरी नगर परिषद में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मामले को हाईकोर्ट में जनहित याचिका के माध्यम से चुनौती दी गई है। दायर मामले में कहा गया है कि शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रहीं है। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले की प्रारंभिक सुनवाई पश्चात् अनावेदकों को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिये है।
यह जनहित याचिका अनूपपुर निवासी जय प्रकाश अग्रवाल की ओर से दायर की गई है। जिनकी ओर से अधिवक्ता केके पांडे, कौशलेश पांडे व सिद्धार्थ पांडे ने पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद के सीएमओ, अध्यक्ष की मिलीभगत से घटिया निर्माण कार्य किया जा रहा है। एक माह में नई सडक़ें उधड़ गई। नाली व अन्य निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। सामग्री के दाम कई गुना बताकर लाखों के बिल में हेराफेरी की जा रही है। याचिका के साथ स्थानीय अखबारों की उन खबरों की कटिंग भी पेश की गई है, जिनमें नगर परिषद के भ्रष्टाचार को उजागर किया गया है। जैतहरी में बने तालाब में गंदे नाली का पानी मिल रहा है। मामले में संभागायुक्त शहडोल, कलेक्टर अनूपपुर, ज्वाइंट डायरेक्टर नगरीय प्रशासन, नगर परिषद के सीएमओ भूपेंद्र सिंह व अध्यक्ष उमंग अग्रवाल सहित अन्य को पक्षकार बनाया गया है। सुनवाई पश्चात् न्यायालय ने अनावेदकों को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिये है।
