
विदिशा। बुधवार को पुलिस लाइन कंट्रोल रूम में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी आरके मिश्रा मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि थाना सिविल लाइन पुलिस ने फरियादी राजेंद्र श्रीवास्तव शेरपुरा मेन रोड एसएटीआई कॉलेज के सामने स्थित एक सूने मकान में हुई सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 30 लाख 60 हजार का मशरूका एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की है।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि जांच के दौरान पुलिस ने करीब 200 फिंगरप्रिंट-वीडियो फुटेज खंगाले, 160 से अधिक लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर गिरोह की लोकेशन व पहचान सुनिश्चित की। फिंगरप्रिंट नेफिस, सोशल मीडिया इनपुट, मुखबिर सूचना और मैदानी तलाश के आधार पर पुलिस ने मध्यप्रदेश आधारित 04 आरोपियों को दबोचा।
बताया गया कि 20.11.2025 को चोरों ने शेरपुरा मेन रोड स्थित एक मकान के सूने होने का फायदा उठाकर सोने के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी और फील्ड जांच प्रारंभ की। कुछ ही दिनों में पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसमें आरोपी प्रवीण लांजीवर निवासी बैतूल, सतीश परमार निवासी रायसेन, मोहम्मद काशिफ निवासी छिंदवाड़ा, प्रांजल चौहान निवासी रायसेन शामिल है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई जिलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। बरामद मशरूका नगदी 1,43,500, सोने के 04 कंगन, सोने की 01 चैन कुल 30 से अधिक सोने-चांदी के आइटम कुल मूल्य लगभग 30,60,000 शामिल है। इस खुलासे में शामिल पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
