
छतरपुर। सुल्लेरन पुरवा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बीती रात लगभग 12:30 बजे बरौनी एक्सप्रेस ने रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान छतरपुर जिले के पनागर निवासी लक्ष्मी चंद चौरसिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रात के समय मजदूर रेलवे लाइन की मरम्मत और ट्रैक से जुड़े कार्य में लगे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बरौनी एक्सप्रेस अचानक वहां से गुज़री और मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद टीम के अन्य साथी घबराए हुए थे और तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों सहित पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही रेलवे विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल मजदूर को जिला अस्पताल छतरपुर ले जाया गया। लेकिन वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों और मजदूर साथियों का कहना है कि रात में काम के दौरान आ रही ट्रेनों की सटीक सूचना कई बार समय पर नहीं मिल पाती, जिससे इस तरह के हादसे होते हैं। पुलिस और रेलवे प्रशासन अब जांच कर रहा है कि दुर्घटना की सही वजह क्या थी और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई थी या नहीं।
