बाढ से तबाह पंजाब और हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जायेंगे कल मोदी

नयी दिल्ली 08 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाढ से बुरी तरह प्रभावित पंजाब और हिमाचल प्रदेश में हालात का जायजा लेने तथा राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को इन दोनों राज्यों के दौरे पर जायेंगे।
श्री मोदी बाढ से जूझ रहे पंजाब के गुरदासपुर जिले तथा हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे। दोनों राज्यों में बाढ के कारण जान माल का भारी नुकसान हुआ है। सैकड़ों एकड़ फसल भी बर्बाद हुई है। दोनों राज्यों में दो सौ से भी अधिक लोगों की मौत हुई है और करोड़ों रूपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पंजाब इस बार अप्रत्याशित बाढ का सामना कर रहा है और उसके अनेक इलाके पानी में डूबे हुए हैं। राज्य में नदियां उफान पर हैं जिसके कारण राज्य के कई गांव जलमग्न हैं और आम जन जीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। पंजाब के अधिकतर जिलों में बाढ के कारण कठिन हालात बने हुए हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश में भी पिछले एक महीने से भी अधिक समय से मूसलाधार बारिश , बादल फटने और भूस्खलन के कारण अनेक जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। राज्य में अचानक बादल फटने तथा भूस्खलन की घटनाओं से भारी नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश में श्री मोदी के कुल्लू, चंबा और मंडी जिलों के हवाई सर्वेक्षण करने की संभावना है।
पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी के बाढ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को पंजाब आने की पुष्टि की है।
इससे पहले कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बाढ के कारण उत्पन्न हालातों का जायजा लेने के लिए पंजाब के दौरे पर गये थे। वहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों तथा किसानों से बात कर केन्द्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।
केन्द्र ने पंजाब में बाढ के कारण हुए नुकसान का आकलन करने के लिए दो टीमें भी भेजी थी।

Next Post

मोदी ने भारत रत्न भूपेन हजारिका को उनकी जंयती पर किया नमन

Mon Sep 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत रत्न भूपेन हजारिका की जयंती पर उनको नमन करते हुये भारतीय संस्कृति और संगीत जगत को उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। श्री मोदी ने श्री हजारिका को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा,” असम की […]

You May Like