
सिंगरौली । नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्डो की प्रमुख मार्गो की सड़के इन दिनों बद्सूरत हो गई है। आरोप है कि अमृत नल-जल योजना एवं सीवरेज पाइप लाइन के ठेकेदार ने सड़क को तहस-नहस कर दिया है। इस बारिश के सीजन में कई मोहल्लों की सड़के कीचड़ में सराबोर हो गई हैं।
दरअसल नगर निगम क्षेत्र सिंगरौली के वार्डो में इन दिनों सीवरेज पाइप लाइनों का कार्य हुआ है, जहां मोहल्ले वासियों का आरोप लग रहा है कि सीवरेज पाइप लाइन के कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की गई है। वहीं नपानि एवं सीवरेज ठेकेदार के बीच किये गये अनुबंध के अनुसार सड़को का मरम्मत कार्य नही कराया गया है, जिसके चलते कई बस्तियोंं के प्रमुख मार्गो की सड़के पहली बारिश में ही धसक गई है। इतना ही नही सीवरेज ठेकेदार ने कई जगह आधा-अधूरा कार्य किया है, जिससे सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। वार्ड क्रमांक 40 ताली के साथ-साथ वार्ड क्रमाक 41 एस्सार टाउनशीप के पीछे एवं एलआईजी देवरा तिराहा, गनियारी मार्ग की सड़के इन दिनों बद से बद्तर हो गई हैं। आलम यह है कि बारिश होते ही उक्त सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं और पैदल चलने लायक भी नही होती हैं। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि सीवरेज पाइप लाइन के ठेकेदार ने गुणवत्ता के साथ सड़क का मरम्मत कार्य नही कराया है। मोहल्लेवासियों ने इस ओर निगमायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया है।
सड़को का शीघ्र मरम्मत कराए जाने की उठी मांग
नगर निगम क्षेत्र के जर्जर सड़को का मरम्मत कार्य कराए जाने की मांग तेज हो गई है। हालांकि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने गत दिवस नगर निगम के विकास कार्यो का समीक्षा करते हुये कड़े निर्देश देते हुये नपानि के अधिकारियों का कहा है कि जितने भी जर्जर सड़के हैं, उनका तत्काल मरम्मत कराएं, ताकि बारिश के दिनों में लोगों को असुविधा न हो और आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे। यहां बताते चले कि नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश सड़के गैस पाइप लाइन एवं सीवरेज ठेकेदार ने सड़को को ऐसा तहस-नहस किया है कि पीसीसी एवं डामरीकरण की सड़के बद्सूरत हो चुकी हैं। कीचड़ से परेशान मोहल्लेवासी ठेकेदार एवं ननि अधिकारियो को कोसने में कोई कोर कसर नही छोड़ रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने कहा कि ऐसी सड़को की दुर्दशा पहले कभी भी नही हुई है।
तेलाई के खैरहवा बस्ती की सड़क धसी
नपानि के वार्ड क्रमांक 44 तेलाई खैरहवा बस्ती मार्ग की सड़क धसक गई है। जहां किसी दिन भी बड़ी घटना घट सकती है। बताया जा रहा है कि सीवरेज पाइप लाइन के ठेकेदार ने सड़क मरम्मत कार्य के दौरान लीपापोति किया है, जिसके चलते सड़क जगह-जगह धसक गई है। यहां बस्ती के लोग बताते हैं कि आये दिन मोटरसाइकिल चालक वाहन एवं ऑटो चालक दुर्घटनाग्रस्त भी होते रहते हैं। कई बार नगर निगम में शिकायत भी की गई, लेकिन उसका कोई भी अर्थ नही निकला।
