सीहोर/इछावर। इछावर विधानसभा के ग्राम ब्रिजिशनगर में दर्जनों झोलाछाप डॉक्टर बिना डिग्री इलाज कर रहे हैं. इतना ही नहीं, ये बिना योग्यता के ऑपरेशन तक कर देते हैं, जिससे मरीजों की हालत बिगड़ जाती है और कई बार जान भी चली जाती है.
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. सूत्रों के अनुसार इन झोलाछापों के तार शासकीय अस्पताल कर्मचारियों से भी जुड़े हैं, जिस कारण कार्रवाई नहीं होती. ब्रिजिशनगर ही नहीं, बल्कि बोरदी कला, नादान, बावरिया चोर, वीरपुर डैम और गाजीखेड़ी जैसे कई गांवों में भी यह धंधा खूब फलफूल रहा है.
इस मामले में एसडीएम स्वाति मिश्रा ने कहा कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है और वह तत्काल जांच करवाकर कार्रवाई करेंगी. वहीं, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर डेहरिया ने भी कहा कि मामले में तुरंत कदम उठाए जाएंगे.
