
सिंगरौली । कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई।
सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने वन विभाग के रेंजर, एनसीएल के सुरक्षाकर्मियों तथा संबंधित अमले के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एनसीएल निगाही परियोजना के समीप रेलवे लाइन से करीब 200 मीटर दूर अवैध रूप से भंडारित लगभग 32 टन लावारिस कोयला बरामद किया गया। मौके पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कोयले के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पूरे भंडारण को जप्त कर लिया गया। जप्त कोयले को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना मोरवा में रखवाया गया है। खनिज विभाग ने बताया कि प्रकरण में खनिज नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिज भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
