इंदौर: शहर में आवारा पशुओं की अवैध पकड़-धकड़ और सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के उल्लंघन को लेकर पशु प्रेमी संगठन एक बार फिर प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ खड़े हो गए. कलेक्टर से मिलने पहुंचे प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम बिना अधिकृत शेल्टर और अनुमति के कुत्तों-गायों को पकड़कर छुपा रहा है.
पशुप्रेमियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा पशुओं को पकड़े जाने की मौजूदा प्रक्रिया न सिर्फ अनधिकृत है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के प्रतिकूल भी है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निरीक्षण की अनुमति पर्याप्त नहीं है, बल्कि पशुओं की अवैध धर-पकड़ पर त्वरित रोक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की आवश्यकता है. संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने स्थिति को सुधारने के लिए तत्काल कदम नहीं उठाए, तो वे इस मामले को कानूनी स्तर पर और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएंगे. उनका कहना है कि इंदौर में पशुओं पर हो रहे अत्याचार को अब किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा.
