भाजपा ने इंडिया गठबंधन उपराष्ट्रपति उम्मीदवार रेड्डी की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल

नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इंडिया गठबंधन उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और शीर्ष न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश सुदर्शन रेड्डी पर निशाना साधा कि उन्होंने चारा घोटाले के दोषी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन में श्री रेड्डी और श्री लालू की मुलाकात को एक ‘पाखंड’ करार दिया और कहा कि श्री रेड्डी को ‘राष्ट्र की आत्मा’ को बचाने के बारे में बोलने का कोई हक नहीं है। उसमें भी तब जब राजद नेता एक मामले में दोषी हैं और 09 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदाता भी नहीं हैं।

श्री प्रसाद ने कहा, ‘‘सेवानिवृत्त न्यायाधीश सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें वोट देना ‘राष्ट्र की आत्मा को बचाने’ के लिए है।फिर भी उन्होंने चारा घोटाले में दोषी लालू प्रसाद से मुलाकात की। उच्चतम न्यायालय का कौन सा सेवानिवृत्त न्यायाधीश भ्रष्टाचार के दोषी व्यक्ति से मिलता है? यह सरासर पाखंड है। कृपया राष्ट्र की आत्मा के बारे में बात न करें तो अच्छाा होगा।”

उन्होंने कहा कि श्री लालू प्रसाद उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदाता भी नहीं हैं, जिससे श्री रेड्डी की नैतिक स्थिति पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा, “हम न्यायाधीशों का सम्मान करते हैं। चाहे वे वर्तमान में कार्यरत हों या सेवानिवृत्त लेकिन जब कोई न्यायाधीश चुनाव लड़ता है और बड़े-बड़े दावे करता है, तो उस पर भी सवाल उठना लाजिमी है।”

श्री रेड्डी के “राष्ट्र की आत्मा को बचाने के लिए मुझे वोट दें” आह्वान को उद्धृत करने वाले एक अखबार के लेख का हवाला देते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि उम्मीदवार की एक दोषी राजनेता से मुलाकात ‘लोकतंत्र के मंदिर’ और ‘अंतरात्मा’ पर उनके बयानों के विपरीत है। इसलिए इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

मंगलवार को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में श्री रेड्डी जिन्हें इंडिया गठबंधन का समर्थन प्राप्त है का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से मुकाबला होगा।

Next Post

जापान के साथ डिजिटल सहयोग बढ़ायेगा भारत

Mon Sep 8 , 2025
दुबई, 08 सितंबर (वार्ता) भारत और जापान डाक नवाचार और डिजिटल सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सहयोग पर सहमत हुये हैं। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को यहां 28वें यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस से इतर जापान के आंतरिक मामलों और संचार राज्य मंत्री मसाशी अदाची के साथ बातचीत […]

You May Like