
दुबई, 08 सितंबर (वार्ता) भारत और जापान डाक नवाचार और डिजिटल सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सहयोग पर सहमत हुये हैं।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को यहां 28वें यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस से इतर जापान के आंतरिक मामलों और संचार राज्य मंत्री मसाशी अदाची के साथ बातचीत की। इस वार्ता का विषय डाक के क्षेत्र में नवाचार और डिजिटल सहयोग था। दोनों नेताओं ने भारतीय डाक और जापान डाक के बीच सहयोग की आगे की रूपरेखा तैयार की।
उल्लेखनीय है कि भारत और जापान के बीच वर्षों पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल की जापान यात्रा के दौरान और मजबूत हुये हैं। इसके परिणाम स्वरूप दोनों देश अनछुये क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर काम कर रहे हैं।
श्री सिंधिया संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित 28वें यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने जापान के मंत्री से मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा भारतीय डाक और जापार पोस्ट डाक प्रौद्योगिकी और डिजिटल नवाचार में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करेंगे, एक-दूसरे से सीखेंगे और सशक्तिकरण के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल का विस्तार करेंगे।
