
देवसर। जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ौरा में एक किसान की मेहनत पर अचानक लगी आग लगने से खलिहान में रखी गेहूॅ और राई जलकर राख में तब्दील हो गई। आग कैसे लगी, अज्ञात है। आगजनी के दौरान मौके पर किसान व उसका परिवार मौजूद नही था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खड़ौरा निवासी किसान लोहर प्रसाद साहू पिता जोखन प्रसाद साहू ने इस संबंध में थाना जियावन में आवेदन देकर बताया कि उनके द्वारा अपनी कृषि भूमि पर गेहूं और राई की फसल तैयार की गई थी। कटाई के बाद फसल को सुरक्षित रूप से खलिहान में रखा गया था। लेकिन अचानक आग लगने से पूरी उपज नष्ट हो गई। किसान के अनुसार आग लगने के समय कोई भी व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे आग के कारणों का पता नहीं चल सका। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और पूरी फसल जलकर खत्म हो गई थी। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में लगभग 30 से 35 बोरी अनाज जल गया, जिसकी अनुमानित कीमत 45 से 50 हजार रुपये के बीच बताई जा रही है। इस नुकसान से किसान को भारी आर्थिक झटका लगा है। किसान ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। यहां बताते चले कि ब्लॉक मुख्यालय देवसर व चितरंगी के साथ-साथ तहसील माड़ा, दुधमनिया, सरई में अभी तक फायर बिग्रेड की व्यवस्था नही हो पाई है। जबकि आये दिन आगजनी की घटनाएं उक्त क्षेत्रों में होती रहती है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि एवं जिम्मेदार अधिकारी फायर बिग्रेड मशीन खरीदने में कोई भी दिलचस्पी नही ले रहे हैं।
