बुक्ड संपत्तियों में बिजली के मीटर लगाने की अनुमति से होगा लोगों को लाभ : सूद

नयी दिल्ली ,18 नवम्बर (वार्ता) दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि दिल्ली नगर निगम की ओर से बुक्ड संपत्तियों में बिजली के मीटर लगाने की अनुमति देने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।
श्री सूद ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि दिल्ली में भाजपा के सरकार बनाने के मात्र आठ से दस महीनों के भीतर ही दिल्ली के कई लंबित मुद्दों का समाधान तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में बिजली कनेक्शन पर लगी वर्षों पुरानी रोक हटाई गयी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सोमवार को दिल्लीवासियों को बुक्ड संपत्तियों पर बिजली कनेक्शन देने के फैसले से दिल्ली में रहने वाले बहुत से लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा ” हमारी सरकार ने पहले ही रेस्टोरेंट, होटल और अन्य व्यावसायिक लाइसेंसों से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं की वजह से उत्पन्न समस्याओं को दूर करते हुए ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को मजबूत किया है। हाल ही में फायर सर्विस में भी सुधार करते हुए एक नया ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया है जिससे फायर लाइसेंस रिन्यूअल अब सरल और पूरी तरह पारदर्शी हो गया है। दिल्ली में बुक्ड संपत्ति पर लोगों को अब तक पानी का मीटर तो दिया जाता था लेकिन बिजली का मीटर देने से इनकार कर दिया जाता था। इसके कारण लोग वर्षों से मुश्किलों का सामना कर रहे थे। इस अवस्था में लोग अपने घरों में कहीं जेनरेटर, कहीं पड़ोसी की लाइन, तो कहीं महंगे अस्थायी कनेक्शन लेने पर मजबूर थे। इस स्थिति का गलत लाभ भी उठाया जाता था।”
श्री सूद ने कहा कि पिछली सरकार ने जानबूझकर राजनीतिक दबाब के चलते बिजली कनेक्शन लेने में ऐसी पेचीदा व्यवस्था कर रखी थी कि लोग आराम से कनेक्शन नही ले पाते थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार अब किसी भी बुक्ड संपत्ति को सिर्फ “बुक्ड” होने के आधार पर बिजली कनेक्शन देने से मना नहीं किया जाएगा। केवल उन्हीं मामलों में संपत्ति से मीटर हटाया जाएगा जहाँ संपत्ति पर निगम या कानून द्वारा विध्वंस या सीलिंग की कार्रवाई चल रही हो।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार ऐसे पुराने मुद्दों का समाधान कर रही है जिनसे जनता को राहत मिले और लोगों के दैनिक जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।

Next Post

उच्चतम न्यायालय ने एक जनहित याचिका पर केंद्र, ईडी, सीबीआई और अनिल अंबानी से जवाब मांगा

Tue Nov 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 नवंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को केंद्र सरकार, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) और व्यवसायी अनिल अंबानी से एक जनहित याचिका पर जवाब माँगा है। इस याचिका में रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) और इस समूह की अन्य संस्थाओं की ओर से कथित तौर पर बैंकों […]

You May Like