
पन्ना। बृजपुर थाना क्षेत्र में 22 अक्टूबर को पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दो शासकीय इंसास रायफलें लूटने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी पंचम सिंह यादव की गिरफ्तारी के दौरान उसके परिजनों व अन्य लोगों ने मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर हथियार लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 14 नवंबर को धरमपुर गांव से आरोपी बीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, रंजीत सिंह, महेंद्र सिंह, ऋषिराज और रामस्वरूप को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जिला जेल पन्ना भेज दिया गया।
