
परासिया। बुधवार को नगर में कोल्डड्रिंक स्टॉकिस्टों के गोदामों पर छापामार कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक्स एवं पानी पाउच जब्त किए।
बुधवार शाम नायब तहसीलदार राम सूर्यवंशी अपनी टीम के साथ नगर के विभिन्न कोल्डड्रिंक स्टॉकिस्टों के गोदामों में पहुंचे, जहां स्टॉक की गहन जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे पेय पदार्थ पाए गए, जिनकी एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी। कार्रवाई के दौरान करीब 200 पानी पाउच सहित अन्य एक्सपायरी कोल्डड्रिंक्स जब्त की गईं।
जब्त किए गए सभी एक्सपायरी पेय पदार्थों को अधिकारियों की मौजूदगी में डिस्पोज कर नष्ट किया गया तथा संबंधित डीलरों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं प्रशासन ने स्टॉकिस्टों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि क्षेत्र में लंबे समय से एक्सपायरी डेट वाली कोल्डड्रिंक्स की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे पेय पदार्थों के सेवन से आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकता है। प्रशासन की इस कार्रवाई से आमजन में संतोष देखा गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।
