हैमिल्टन, 27 फरवरी (वार्ता) इसाबेला गेज (नाबाद 85), कप्तान अमेलिया केर (82/एक विकेट) की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने शुक्रवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे की महिला टीम को 110 रनों से रौंद दिया। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। इसाबेला गेज को उनके शानदार खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
आज यहां न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में एक विकेट पर 196 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसाबेला गेज ने 54 गेंदों में 13 चौकों की मदद से नाबाद 85 रनों की पारी खेली। अमेलिया केर ने 52 गेंदों में 13 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 82 रन बनाये। इज़ी शार्प 14 गेंदों में 22 रन बनाकर नाबाद रही। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की महिला टीम न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे 18.3 ओवर में 86 के स्कोर पर सिमट गई। जिम्बाब्वे के लिए सी धुरुरू ने 13 गेंदों में (20) और केलिस नधलोवु ने (19) रन बनाये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
न्यूजीलैंड के लिए जेस केर, नेन्सी पटेल और केली नाइट ने दो-दो विकेट लिये। ब्री इलिंग, अमेलिया केर और रोजमेरी मैयर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
