नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि पहलगाम के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार ने कहा था कि किसी भी आतंकी हमले को ‘एक्ट ऑफ वॉर’ माना जाएगा इसलिए देश जानना चाहता है कि लालकिला के पास हुए हमले को वह किस तरह से ले रही है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उसने आपरेशन सिंदूर के दौरान इस तरह के हमलों को ‘एक्ट ऑफ वॉर’मानने की बात कही थी ।अब वह इस हमले को लेकर क्या कर रही है, यह बात सरकार को देश के लोगों को बतानी चाहिये।
उन्होंने कहा “हम यह जानना चाहते हैं कि सरकार इस हमले को किस तरह से देख रही है, क्योंकि इस हमले को बाहरी ताकतों के द्वारा समर्थन, शक्ति और प्रेरणा मिल रही है। सरकार को बताना चाहिए कि वह देश की राजधानी में हुए इस हमले को किस तरह से ले रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा ” अब तक सरकार से बार बार पूछा जाता था कि पुलवामा में इतनी बड़ी मात्रा आरडीएक्स कैसे पहुंचा। सरकार ने कभी इसका जवाब नहीं दिया लेकिन अब स्थिति और भी हैरान करने वाली है। राजधानी दिल्ली से 20 किलोमीटर दूर 2,900 किलो विस्फोटक पहुंचता है लेकिन कोई बताने को तैयार नहीं है कि यह सब कैसे पहुंचा। फिर लाल किले के पास धमाके में 13 लोगों की जान चली जाती है और कई घायल होते हैं। कमाल यह है कि दिल्ली में जिस जगह इतना बड़ा विस्फोट हुआ है वह जगह, संसद और राष्ट्रपति भवन के बेहद पास है।”
श्री खेड़ा ने कहा कि किसी भी आतंकी हमले को ‘एक्ट ऑफ वॉर’ मानने की बात करने वाली सरकार ने घटना के 48 घंटे बाद कैबिनेट में प्रस्ताव पारित कर माना कि यह एक आतंकी घटना है। उनका कहना था कि इस स्थिति में देश जानना चाहता है कि सरकार इस हमले को किस तरह से देख रही है।

