
इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक 65 वर्षीय बुजुर्ग संदिग्ध हालत में घायल मिलने के बाद मौत हो गई. परिवार ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने फिलहाल हादसा और मारपीट दोनों एंगल से जांच शुरू की है.थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि मृतक की पहचान परमेश्वर पुत्र देवराम निवासी तपस्वी बाग के रूप में हुई है. बुधवार रात करीब 9.30 बजे परिजन उन्हें घायल अवस्था में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परमेश्वर के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं. परिजनों का कहना है कि वे शाम को घर से निकले थे और कुछ देर बाद एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले. घटना स्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जिससे घटना की परिस्थितियों का पता नहीं चल पाया है. मामले में थाना प्रभारी कहना है कि जांच की जा रही है कि बुजुर्ग गिरने से घायल हुए या किसी ने हमला किया या वाहन की टक्कर लगी. शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की जांच जारी है.
