नाेम पेन्ह, 11 जुलाई (वार्ता) कंबोडिया की संसद ने राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुँचाने के मकसद से विदेशी देशों के साथ साज़िश रचने वाले किसी भी व्यक्ति की नागरिकता रद्द करने वाला कानून बनाने की इजाजत सरकार को दे दी है। संसद ने देश के संविधान में आज संशोधन करके सरकार को एक कानूनी ढाँचा बनाने की अनुमति दे दी।
प्रधानमंत्री हुन मानेट सहित कुल 125 सांसदों ने संविधान में संशोधन को सर्वसम्मति से मंज़ूरी दे दी, जिससे विदेशी देशों के साथ साज़िश रचने वाले कंबोडियाई नागरिकों की नागरिकता रद्द की जा सकेगी।
संविधान में यह संशोधन कुछ स्व-निर्वासित विपक्षी नेताओं द्वारा थाईलैंड के साथ मौजूदा सीमा मुद्दों पर सरकार की आलोचना के बाद किया गया है।
