इंदौर में दूषित पानी से एक और मौत, आंकड़ा 25 पहुंचा

इंदौर: भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से बीमार पड़ने वालों की मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार देर रात भागीरथपुरा क्षेत्र से एक और मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके साथ ही इस मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है.भागीरथपुरा में रहने वाले 51 वर्षीय ई-रिक्शा चालक हेमंत गायकवाड़ 22 दिसंबर को दूषित पानी पीने के बाद अचानक बीमार पड़ गए थे.

उल्टी-दस्त की शिकायत पर उन्हें परदेशीपुरा स्थित वर्मा नर्सिंग होम में भर्ती कराया था. इलाज के बाद हालत में कुछ सुधार होने पर 28 दिसंबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई, लेकिन घर लौटने के बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई. परिजनों के अनुसार हालत गंभीर होने पर 7 जनवरी को उन्हें अरविंदो अस्पताल रेफर किया था, जहां कई दिनों तक इलाज चला. इसके बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और मंगलवार देर रात करीब तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया.

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि हेमंत गायकवाड़ पहले से सेल कार्सिनोमा नामक कैंसर और किडनी की बीमारी से भी पीड़ित थे, हालांकि उन्हें अस्पताल में उल्टी-दस्त की गंभीर समस्या के चलते भर्ती किया था. इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई. हेमंत अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनके परिवार में चार बेटियां 21 वर्षीय रिया, 20 वर्षीय जिया, 16 वर्षीय खुशबू और 12 वर्षीय मनाली हैं।

पिता की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है. मृतक की बेटी जिया ने बताया कि पिताजी की तबीयत अचानक बिगड़ी थी. पहले 24 दिसंबर को वर्मा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, छुट्टी के बाद दोबारा हालत खराब हुई और 8 जनवरी को अरविंदो अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

Next Post

तेज रफ्तार ट्रक ने गाय को कुचला, मौके पर मौत

Wed Jan 21 , 2026
इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के चलते एक गाय की मौत हो गई. कल दोपहर करीब 1 बजे अग्रवाल टोल नाके के पीछे सड़क पर आइसर कंपनी के ट्रक नम्बर एमपी 69 ज -0696 ने सड़क पर चल रही गाय को टक्कर मार […]

You May Like