भोपाल: बोगदा पुल से स्लाटर हाउस की ओर जाने वाला रास्ता पार्किंग की समस्या से जूझ रहा है। इस मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए वाहनों ने राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए असुविधा पैदा कर दी है। आलम यह है कि कई बार पैदल चलने वालों के लिए भी सड़क पर जगह नहीं बचती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा मंडराता रहता है।
बोगदा पुल,जो कि शहर के मध्य भाग को पुराने भोपाल से जोड़ता है, हमेशा ही यातायात के दबाव में रहता है। स्लेटर हाउस की ओर जाने वाला मार्ग, जिस पर व्यावसायिक प्रतिष्ठान समेत आवासीय कॉलोनियां स्थित हैं, इस समस्या से और भी अधिक प्रभावित है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण पहले से ही संकरी सड़क और भी सिकुड़ जाती है। इसके परिणाम स्वरूप, जाम लग जाता है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है।
इस मार्ग पर अवैध पार्किंग का एक प्रमुख कारण पार्किंग स्थलों की कमी बताया जा रहा है। दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने खड़े किए गए दोपहिया और चार पहिया वाहन अक्सर पूरे रास्ते को अवरुद्ध कर देते हैं। कई बार तो ऐसा भी देखने को मिलता है कि लोग अपने वाहनों को सड़क के बीचों बीच खड़ा करके चले जाते हैं, जिससे अन्य वाहनों के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है।
