भोपाल: हमीदिया अस्पताल के सामने इन दिनों यातायात व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। अस्पताल के ठीक सामने नो पार्किंग क्षेत्र में बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे वाहनों के कारण राहगीरों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि एंबुलेंस तक को अस्पताल परिसर में प्रवेश करने में कठिनाई हो रही है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
इस समस्या को और अधिक जटिल बना रही है, इसी मार्ग पर स्थित भोपाल की एक प्रसिद्ध चाय की दुकान, जहाँ दिनभर ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रहती है, जिसके कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा अक्सर बाधित रहता है।हमीदिया अस्पताल, जो कि भोपाल के सबसे बड़े और व्यस्ततम शासकीय अस्पतालों में से एक है, वहा पर प्रतिदिन हजारों मरीजों और उनके परिजनों का आना-जाना लगा रहता है।
यहाँ अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर आसपास की सड़कों तक, निजी वाहनों और ऑटो-रिक्शा का अवैध कब्जा देखा जा सकता है। नो पार्किंग के स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगे होने के बावजूद, वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए अपनी गाडिय़ां सड़क के किनारे खड़ी कर देते हैं। इसके परिणामस्वरूप, सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों और उनके परिजनों को होती है, जिन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होती है। जाम में फंसे होने के कारण एंबुलेंस समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाती हैं, जिससे कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ रही है। शुरुआत में इक्का-दुक्का वाहन ही नो पार्किंग में खड़े होते थे, लेकिन अब यह एक आम बात हो गई है।
