भिंड: यहां के एक गांव में आग लग जाने से एक घर, भैंस, बाइक-साइकिल और अनाज जल गया। घर में रहने वाले 7 लोग झुलस गए। तीन लोगों की हालत गंभीर है, उन्हें जिला अस्पताल में लाया गया है। एक ने कीचड़ में कूदकर अपनी जान बचाई। घटना उमरी के सिकहटा गांव के हार के पुरा में हुई। बताया गया कि हादसा घर के पास से निकली 33 केवी की लाइन से चिंगारी की वजह से हुआ।
सिकहटा निवासी दिनेश बघेल का कहना है कि घर के ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन से बार-बार चिंगारी निकल रही थी। इस बात की सूचना बिजली कंपनी के अफसरों को फोन दी, लेकिन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर आने की बजाय उन्हें कार्यालय आकर सूचना देने को कहा। इसी बीच अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और सबकुछ जल गया।
