कलेक्टर का एक्शन: वेयरहाउस केंद्रों पर पहुँचकर जांची गेहूँ खरीदी की व्यवस्थाएं, 6 तौल कांटे लगाने और शीतल पेयजल की व्यवस्था के निर्देश

सागर: सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गजानंद व्हेयर हाउस, अनिल तिवारी व्हेयर हाउस बाग ख़ेजरा के उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण कर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद संसाधनों, बारदानों की उपलब्धता और अनाज के सुरक्षित रखरखाव की बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्र पर अपनी उपज लेकर आए किसानों से संवाद किया और उनसे पंजीयन, मैसेज प्राप्ति और तुलाई में लगने वाले समय के बारे में फीडबैक लिया।

उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं उपार्जन केन्द्र संचालक को निर्देशित किया कि उपार्जन/खरीदी केंद्रों पर पूरे 6 तौल कांटे लगाए जाएं। सभी 6 तौल कांटों पर निरंतर तुलाई कार्य चलता रहे। किसानों के लिए केंद्रों पर पर्याप्त छाया और शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक किसान को सुविधा के साथ उपज का उपार्जन सुनिश्चित करें। किसानों की उपज की तुलाई समय पर हो सके इसके लिए पर्याप्त संख्या में बारदाने, तौल कांटे, सिलाई मशीन, स्लॉट बुकिंग हेतु कंप्यूटर, नेट कनेक्शन, कंप्यूटर ऑपरेटर, आदि व्यवस्थाएं उपार्जन केन्द्र पर हमेशा उपलब्ध रहें।

उन्होंने उपार्जन केंद्र पर कृषकों की सुविधा के लिए पेयजल, टेंट, बैठक, इत्यादि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने उपार्जन केंद्र पर अपनी उपज बेचने आए किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने किसानों से उपार्जन प्रक्रिया, तुलाई और केंद्र पर मिल रही मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है। साथ ही, आगामी दिनों में मौसम परिवर्तन और बारिश की संभावना को देखते हुए उन्होंने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्र पर लाई गई पूरी उपज को तिरपाल से ढकने और सुरक्षित भंडारण के लिए सभी जरूरी इंतजाम तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि संभावित बारिश से अनाज को खराब होने से बचाया जा सके।

Next Post

किसानों की समस्याओं पर सीएम डॉ यादव से मिले दिग्विजय, राम महायज्ञ का दिया आमंत्रण

Fri May 1 , 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखते हुए विशेष रूप से गेहूं उपार्जन में आ रही दिक्कतों के शीघ्र समाधान की […]

You May Like

मनोरंजन