नयी दिल्ली 14 मई (वार्ता) चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के चरण-3 को 16 राज्यों और 03 केंद्रशासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया है।
चुनाव आयोग ने गुरुवार को बताया कि एसआईआर के चरण-3 को 16 राज्यों और 03 केंद्रशासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह कार्यक्रम जनगणना के तहत चल रही घर-घर सूचीकरण प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
आयोग ने बताया कि चरण-3 के तहत हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर लगभग पूरे देश को कवर किया जाएगा। इन क्षेत्रों में मौसम और हिमपात की स्थिति को देखते हुए बाद में कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
इस अभियान के दौरान 3.94 लाख से अधिक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं से संपर्क करेंगे। उनके सहयोग के लिए राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी तैनात रहेंगे। आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए नियुक्त करने की अपील की है, ताकि प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सहभागिता के साथ संपन्न हो सके।
आयोग ने कहा कि पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग 59 करोड़ मतदाताओं को कवर किया गया था, जहां 6.3 लाख से अधिक बीएलओ और 9.2 लाख बीएलए विभिन्न चरणों में शामिल रहे।
चरण-3 के कार्यक्रम के अनुसार ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन पांच जुलाई को होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 06 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। वहीं दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, झारखंड और मेघालय सहित कई राज्यों में अंतिम मतदाता सूची 07 अक्टूबर को जारी की जाएगी।
