मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई,करीब 3.20 लाख रुपये का घी-मावा एवं अन्य खाद्य सामग्री जप्त

नीमच। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल एवं कलेक्टर नीमच के निर्देश तथा अपर कलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई लगातार जारी है। विगत दो दिनों में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर घी, मावा एवं ईसबगोल हस्क सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए तथा करीब 3 लाख 19 हजार 500 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की।

12 अगस्त को कार्तिक एक्सपोर्ट का निरीक्षण

एफएसएसएआई पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निराकरण के लिए बालाजी गणेश मार्केट, स्टेशन रोड स्थित कार्तिक एक्सपोर्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां विक्रय एवं पैकिंग के लिए रखे ईसबगोल हस्क, मेथी पाउडर, कलौंजी पाउडर, शॉप पाउडर एवं जीरा के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। ईसबगोल हस्क का शेष स्टॉक, जिसकी अनुमानित कीमत 6,500 रुपये है, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत जप्त किया गया। फर्म द्वारा अमेजन,फ्लिपकार्ट आदि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खाद्य पदार्थों का विक्रय किया जाता है।

इसी दिन शिकायत के आधार पर भरभडिय़ा रोड स्थित श्री मारुति नमकीन भंडार का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां मावा लड्डू विक्रय के लिए भंडारित पाए गए तथा मूंगफली के तेल से खाद्य पदार्थों का निर्माण किया जा रहा था। मावा लड्डू, मूंगफली तेल, अजवाइन एवं सौंफ के नमूने जांच के लिए लिए गए। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।

13 अगस्त को तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

हेमु कलानी चौराहा स्थित नाहर ट्रेडिंग कंपनी के निरीक्षण के दौरान प्योराश्योर ब्रांड का 4.5 लीटर एवं 900 एमएल पैकिंग वाला घी पाया गया। दोनों पैकिंग के नमूने जांच के लिए लिए गए तथा शेष स्टॉक, जिसकी अनुमानित कीमत 41 हजार रुपये है, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अधिग्रहित किया गया।

माणक टॉकीज के सामने नीमच सिटी रोड स्थित मावा भंडार के निरीक्षण में मावा भंडारित पाया गया। मिलावटी होने की आशंका के चलते मावे का नमूना जांच के लिए लिया गया तथा शेष मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये है, जप्त कर फ्रिज में सीलबंद किया गया।

इसी क्रम में बंगला नंबर 46, सी आर्वपिलरोड स्थित सागर सेल्स एजेंसी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां श्री सरस ब्रांड का विभिन्न पैकिंग में घी भंडारित पाया गया। 900 एमएल, 450 एमएल, 200 एमएल, 15 किलोग्राम एवं 4.5 किलोग्राम पैकिंग के घी के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। शेष स्टॉक को अधिग्रहित कर सीलबंद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये है।

कुल 17 नमूने लिए गए – खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा विगत दो दिनों की कार्रवाई में घी सहित कुल 17 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूने खाद्य विश्लेषक, राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है, कि खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा जिले में विगत दिनों में घी एवं मावा के 23 नमूने लिए जा चुके हैं तथा लगभग 9 लाख रुपये मूल्य का घी जप्त किया गया है। मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत कुमार शर्मा एवं खाद्य सुरक्षा टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Next Post

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने प्रदेशवासियों दी स्वतंत्रता दिवस शुभकामनाएं एंव बधाई

Fri Aug 14 , 2026
मंदसौर। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके प्रति […]

You May Like