
मंदसौर। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन हमें हमारे महान वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विज़न को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि आर्थिक सुदृढ़ीकरण, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए मध्यप्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम छू रहा है। हमारा लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और राज्य को देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल करना है।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने प्रदेश के नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा, ज्ञान और कौशल का उपयोग आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और सशक्त भारत के निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का एक प्रयास ही देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काफी होगा।
