इंदौर: दीपावली के दौरान बाजारों और रहवासी इलाकों में बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद शुरू की है. जोन-2 के सभी थाना क्षेत्रों में मोहल्ला और रहवासी समितियों की बैठकें लेकर नागरिकों से सीधे संवाद किया. पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने के साथ घरों में काम करने वाले लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की समझाइश दी.
बैठकों में पुलिस ने रहवासियों से कहा कि नौकर, घरेलू सहायक, सुरक्षा गार्ड, मजदूर, प्लंबर, इलेक्टि्रशियन या अन्य सेवा प्रदाता को काम पर रखने से पहले उसकी पहचान और जरूरी दस्तावेजों की जांच कराएं. साथ ही उनका पुलिस वेरिफिकेशन भी कराया जाए. कॉलोनियों की सुरक्षा के लिए टूटी बाउंड्रीवॉल दुरुस्त कराने, जरूरत वाले स्थानों पर सुरक्षित फेंसिंग करने और प्रवेश-निकास मार्ग सहित प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई. पुलिस ने रहवासियों को सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी के महत्व के बारे में भी बताया.
किसी घटना के बाद फुटेज पुलिस जांच में उपयोगी साबित होती है, इसलिए कैमरों की स्थिति और रिकॉर्डिंग व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया. कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुरक्षा संबंधी ई-ऐप इंस्टॉल करने का सुझाव भी दिया. जोन 2 में आयोजित बैठकों के दौरान परदेशीपुरा थाना क्षेत्र की क्लर्क कॉलोनी, अनाज मंडी, बाबा की कुइया मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, जाट धर्मशाला के पीछे स्थित विश्वकर्मा सुमन वाटिका और सुभाष नगर में रहवासियों से चर्चा की गई.
कनाड़िया थाना क्षेत्र के सर्वसंपन्न नगर और करुणा सागर में भी मोहल्ला समिति की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए. पुलिस ने नागरिकों को आपराधिक घटना होने पर किए जाने वाले जरूरी उपाय और सावधानियों की जानकारी दी. संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर खुद कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की. पुलिस का कहना है कि कॉलोनी की सुरक्षा में रहवासियों की सतर्कता और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय से अपराध की आशंका को कम किया जा सकता है.
